रायपुर | 01 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहर स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ। उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी के तट पर स्थित सिरपुर छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इसके तहत आधुनिक सड़कें, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले को लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत संरचनाओं के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस गौरवशाली विरासत से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मलेशिया, कोरिया और जापान से आए बौद्ध विचारकों का स्वागत करते हुए कहा कि सिरपुर सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृतियों का अद्भुत संगम है। उन्होंने बताया कि सिरपुर को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही अंचल के विकास हेतु सिरपुर बैराज की स्वीकृति शीघ्र दिए जाने की बात भी कही गई।
खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिरपुर संरक्षण और विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।