रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने 62वें जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित करते हुए राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की और रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर और शिवनाथ ब्लड सेंटर के सहयोग से 62 यूनिट रक्त संग्रह का विशेष लक्ष्य रखा गया था। बड़ी संख्या में युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस पहल को सफल बनाया। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे या उनके परिजन निःशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, प्रसव अथवा गंभीर बीमारियों के समय रक्त की उपलब्धता किसी भी मरीज के लिए जीवनदायिनी साबित होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए अमूल्य योगदान है।
उन्होंने बताया कि आयोजनकर्ता संस्था ने वर्षभर में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प लिया है। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
इस मौके पर सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अपने जीवन की रक्षा सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन श्री दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिवगण सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी सहयोगियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।