Sunday, February 22, 2026
Home » PTRSU हॉस्टल में 25 छात्राएं पीलिया से पीड़ित, NSUI का प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन

PTRSU हॉस्टल में 25 छात्राएं पीलिया से पीड़ित, NSUI का प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन

छात्रावास में रहने वाली कई छात्राओं को पिछले कुछ दिनों से कमजोरी, उल्टी और बुखार जैसी शिकायतें थीं,डॉक्टरों ने पीलिया की पुष्टि की।

by News Desk
0 comments

रायपुर।
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PTRSU) के नवीन कन्या छात्रावास में 25 छात्राओं के पीलिया से पीड़ित होने का मामला सामने आया है। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया और छात्र संगठन एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

जानकारी के अनुसार, छात्रावास में रहने वाली कई छात्राओं को पिछले कुछ दिनों से कमजोरी, उल्टी और बुखार जैसी शिकायतें थीं। जांच के बाद डॉक्टरों ने पीलिया की पुष्टि की। हालत ज्यादा बिगड़ने पर सभी प्रभावित छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

घटना को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कुलपति और रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि छात्रावास में स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

एनएसयूआई ने मांग की है कि छात्रावास की पानी की टंकी और भोजनालय की व्यवस्था की तत्काल जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पानी और भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

You may also like