Wednesday, March 18, 2026
Home » चैत्र नवरात्रि मेला 2026: डोंगरगढ़ के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, 10 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव और स्पेशल मेमू सेवा

चैत्र नवरात्रि मेला 2026: डोंगरगढ़ के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, 10 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव और स्पेशल मेमू सेवा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक नवरात्रि मेले के दौरान अतिरिक्त ट्रेन सुविधाएं और अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।

by khabariya
0 comments

रायपुर, 17 मार्च 2026। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बम्लेश्वरी मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक नवरात्रि मेले के दौरान अतिरिक्त ट्रेन सुविधाएं और अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।

हर साल नवरात्रि में डोंगरगढ़ में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ हो जाती है। इस बार यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने डोंगरगढ़–दुर्ग–डोंगरगढ़ रूट पर एक मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पूरे मेला अवधि के दौरान संचालित होगी, जिससे रायपुर, दुर्ग और गोंदिया क्षेत्र से आने वाले यात्रियों को सीधी और सुलभ कनेक्टिविटी मिलेगी।

इसके साथ ही रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी रूप से 2 मिनट का ठहराव देने का निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज के इलाकों से आने वाले श्रद्धालु बिना अतिरिक्त परेशानी के सीधे डोंगरगढ़ उतर सकेंगे और मंदिर तक आसानी से पहुंच पाएंगे।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रा को सुगम बनाना है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्टाफ, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान प्रशासन द्वारा भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रेलवे की इस पहल से हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है और वे बिना किसी परेशानी के मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर सकेंगे।

You may also like