रायपुर, देश में पहली बार आयोजित हो रहे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। इस क्रम में रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा, जिसमें 13 खिलाड़ी और एक सपोर्टिंग स्टाफ शामिल हैं। खिलाड़ियों के आगमन के साथ ही राज्य में खेल महाकुंभ का माहौल बनने लगा है।
रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। राऊत नाचा दल की आकर्षक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अधिकारियों ने गुलाब भेंट कर सभी खिलाड़ियों का आत्मीय अभिनंदन किया। इस गर्मजोशी भरे स्वागत से खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति के अनुसार, 23 मार्च को देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे। आगामी दिनों में खिलाड़ियों और अधिकारियों की आवाजाही तेज हो जाएगी, जिससे तीनों मेजबान शहरों—रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर—में तैयारियां और भी रफ्तार पकड़ेंगी।
‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल तक किया जाएगा। इस दौरान देशभर से लगभग 3000 जनजातीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताएं पुरुष और महिला दोनों वर्गों में आयोजित होंगी, जिनमें हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसी सात प्रमुख खेल विधाएं शामिल हैं।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का भी महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का क्षण है कि वह इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी कर रहा है, जिससे प्रदेश की खेल संस्कृति को नई दिशा और पहचान मिलेगी।