Monday, March 23, 2026
Home » अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस पर CM साय का बड़ा संदेश, विकास और संस्कृति संरक्षण का दोहराया संकल्प

अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस पर CM साय का बड़ा संदेश, विकास और संस्कृति संरक्षण का दोहराया संकल्प

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की पुण्य भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है, जिसे विकसित और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का संकल्प है।

by khabariya
0 comments

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कबीरधाम जिले के ग्राम सेमरिया में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके साहस व राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की पुण्य भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है, जिसे विकसित और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि शांति, सुरक्षा और सुशासन के माध्यम से प्रदेश के 3 करोड़ लोगों की खुशहाली सुनिश्चित करना सरकार का लक्ष्य है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, यज्ञशाला के लिए 20 लाख रुपये तथा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के जीवन को साहस, स्वाभिमान और देशभक्ति की प्रेरणादायक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजों के खिलाफ उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने लोधी समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज आजादी की लड़ाई से लेकर आज तक राष्ट्र सेवा में अग्रणी रहा है।

उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। अब तक 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि सीधे खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

इसके अलावा ‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर दर्शन कर चुके हैं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

You may also like