रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब सभी समाज मिलकर सहयोग और सहभागिता के साथ आगे बढ़ेंगे। वे रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और ‘वंदे उत्कल जननी’ के गायन के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने आत्मीय संबोधन में कहा कि वे यहां अतिथि नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने रायगढ़ की जनता का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें वर्षों से यहां से अपार स्नेह और समर्थन मिलता रहा है।
मुख्यमंत्री ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच ‘रोटी-बेटी’ का गहरा रिश्ता है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आज भी उड़िया भाषा, परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत जीवंत हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज की पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया और जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये की सहायता की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 8 लाख पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा मिल रही है। साथ ही अवैध धर्मांतरण पर रोक के लिए सख्त कानून लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि अब बस्तर सहित पूरे प्रदेश में विकास की नई धारा बह रही है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, ई-ऑफिस प्रणाली और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने अंत में सभी समाजों से एकजुट होकर छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।