Saturday, May 16, 2026
Home » इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह: 1880 विद्यार्थियों को उपाधि, राज्यपाल बोले- वैल्यू एडिशन आधारित कृषि ही भविष्य

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह: 1880 विद्यार्थियों को उपाधि, राज्यपाल बोले- वैल्यू एडिशन आधारित कृषि ही भविष्य

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि आज कृषि केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, उपग्रह आधारित मानचित्रण, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल डेटा एनालिसिस जैसे आधुनिक साधनों से जुड़ चुकी है।

by News Desk
0 comments

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGAU) रायपुर के 11वें दीक्षांत समारोह में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और वैल्यू एडिशन आधारित उत्पादन पर जोर दिया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लगभग 80 प्रतिशत अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है। बदलते समय में कम जमीन पर अधिक उत्पादन और कृषि उत्पादों में वैल्यू एडिशन ही आर्थिक विकास की सबसे बड़ी जरूरत है।

विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार सिंह और विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल भी उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के कुल 1880 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। इनमें 128 शोधार्थियों को पीएचडी, 518 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर और 1234 विद्यार्थियों को स्नातक डिग्री दी गई। साथ ही मेधावी छात्रों को 13 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि आज कृषि केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, उपग्रह आधारित मानचित्रण, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल डेटा एनालिसिस जैसे आधुनिक साधनों से जुड़ चुकी है। उन्होंने किसानों और युवाओं से आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, सिंचाई विस्तार, कृषि उपकरण और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ड्रोन, एआई और डिजिटल तकनीकों के जरिए किसानों और वैज्ञानिकों के बीच मजबूत कड़ी बनें, ताकि छत्तीसगढ़ की कृषि और अधिक आधुनिक और समृद्ध बन सके।

You may also like