रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के ‘सुशासन तिहार’ अभियान के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम पंचायत चिचिरदा में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों का भारी जनसैलाब उमड़ा। शासन की “जनता के द्वार” पहल के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में आसपास की 17 ग्राम पंचायतों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और विभिन्न समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान कुल 1145 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 450 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से प्रशासन की त्वरित कार्यप्रणाली और जनसुविधाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान नए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड लाभार्थियों को सौंपे गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को नए घरों की चाबियां भी प्रदान की गईं।
कृषि और संबद्ध विभागों ने भी शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाई। मछली पालन विभाग द्वारा महाजाल और आइस बॉक्स वितरित किए गए, जबकि उद्यानिकी विभाग ने ग्रामीणों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से बच्चों और खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट दी गई।
शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनी भी लगाई गईं, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मंच के माध्यम से विभागीय गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सुशासन तिहार की यह पहल केवल चिचिरदा तक सीमित नहीं रही। जिले के सिमगा विकासखंड के ग्राम जांगड़ा और सात नगरीय निकायों में भी समाधान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।