Tuesday, May 19, 2026
Home » कोलियारी समाधान शिविर में 176 आवेदनों पर कार्रवाई, ग्रामीणों को मिली त्वरित राहत

कोलियारी समाधान शिविर में 176 आवेदनों पर कार्रवाई, ग्रामीणों को मिली त्वरित राहत

शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया गया।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन के “सुशासन तिहार 2026” अभियान के तहत नारायणपुर जिले के ग्राम कोलियारी में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। शासन की जनहितकारी पहल के तहत आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहे, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत और सुविधाएं मिल सकीं।

राज्य सरकार द्वारा 1 मई से 10 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना और शिकायतों का त्वरित समाधान करना है। कोलियारी में आयोजित इस शिविर में कुल 176 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक 58 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित रहे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को 41, कृषि विभाग को 17 और विद्युत विभाग को 13 आवेदन मिले। इसके अलावा ऊर्जा, मत्स्य, परिवहन, जल संसाधन, राजस्व, उद्योग, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभागों से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया गया। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 21 हितग्राहियों को उपचार सहायता के रूप में 5-5 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि वितरित की गई। खाद्य विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का ई-केवाईसी भी मौके पर पूरा कराया गया, जिससे उन्हें डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

कार्यक्रम में 4 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की चाबियां सौंपी गईं, जबकि 2 परिवारों को नए राशन कार्ड दिए गए। साथ ही 5 गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई रस्म भी संपन्न कराई गई।

ग्रामीणों ने एक ही छत के नीचे सभी विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष जताया। उनका कहना था कि इससे समय और धन दोनों की बचत हुई है। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

You may also like