Thursday, May 21, 2026
Home » छत्तीसगढ़ के सहकारी बैंकों में बढ़ेंगी डिजिटल सुविधाएं, मोबाइल-इंटरनेट बैंकिंग शुरू करने के निर्देश

छत्तीसगढ़ के सहकारी बैंकों में बढ़ेंगी डिजिटल सुविधाएं, मोबाइल-इंटरनेट बैंकिंग शुरू करने के निर्देश

रायपुर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न शहरी सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ के शहरी नागरिक सहकारी बैंकों में अब आधुनिक और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। सहकारिता आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री महादेव कावरे ने राज्य के 12 शहरी सहकारी बैंकों की समीक्षा बैठक में मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और आधार आधारित भुगतान प्रणाली (AEPS) जैसी सुविधाएं शुरू करने के निर्देश दिए।

रायपुर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न शहरी सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। समीक्षा के दौरान सहकारिता आयुक्त ने कहा कि बदलते समय के साथ ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए सहकारी बैंकों को डिजिटल तकनीक अपनानी होगी।

उन्होंने सभी बैंकों से भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू की गई नवाचारात्मक पहलों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि बैंक आधुनिक तकनीकी सहायता प्राप्त करने और डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने के लिए अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन से जुड़ें।

बैठक में अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन, नई दिल्ली के अधिकारी श्री सुमीत हंस ने सहकारी बैंकों को संगठन से जुड़ने के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे बैंक मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल सुविधाओं को तेजी से लागू कर सकेंगे। इससे ग्राहकों को बेहतर ऑनलाइन सेवाएं, डिजिटल भुगतान और आसान लेनदेन की सुविधा मिलेगी।

बैठक में व्यावसायिक सहकारी बैंक रायपुर, नागरिक सहकारी बैंक रायपुर, लक्ष्मी नागरिक सहकारी बैंक रायपुर, रायपुर अर्बन मर्केंटाइल को-ऑप बैंक सहित दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, महासमुंद, अंबिकापुर और जगदलपुर के सहकारी बैंक शामिल हुए।

सहकारिता आयुक्त श्री कावरे ने सभी बैंकों को तय समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए। इस पहल से प्रदेश के सहकारी बैंकों में डिजिटल परिवर्तन को गति मिलेगी और ग्राहकों को आधुनिक, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

You may also like