Friday, May 22, 2026
Home » मुख्यमंत्री साय ने ‘कामयाबी वेन’ को दिखाई हरी झंडी, अब गांव-गांव पहुंचेगी डिजिटल और VR आधारित शिक्षा

मुख्यमंत्री साय ने ‘कामयाबी वेन’ को दिखाई हरी झंडी, अब गांव-गांव पहुंचेगी डिजिटल और VR आधारित शिक्षा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का युग तकनीक, नवाचार और ज्ञान का है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वही अवसर मिलने चाहिए, जो बड़े शहरों में उपलब्ध हैं।

by News Desk
0 comments

रायपुर, 21 मई 2026।
छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों तक आधुनिक शिक्षा पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम कुशहा में आयोजित चौपाल के दौरान ‘मिशन कामयाबी’ के तहत संचालित ‘कामयाबी वेन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नीति आयोग द्वारा समर्थित इस पहल का उद्देश्य गांवों के बच्चों को डिजिटल और तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का युग तकनीक, नवाचार और ज्ञान का है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वही अवसर मिलने चाहिए, जो बड़े शहरों में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चे आधुनिक संसाधनों के जरिए बेहतर शिक्षा प्राप्त कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

‘कामयाबी वेन’ के जरिए विद्यार्थियों को वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) आधारित शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस मोबाइल डिजिटल शिक्षा इकाई में विज्ञान, गणित और तकनीकी विषयों को रोचक और अनुभवात्मक तरीके से समझाने की व्यवस्था होगी। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि भी विकसित होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक तकनीक आधारित यह शिक्षण मॉडल विद्यार्थियों को जटिल विषयों को आसानी से समझने में मदद करेगा। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों और तकनीकी जागरूकता में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘कामयाबी वेन’ ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी और उन्हें डिजिटल दुनिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर विधायक भैयालाल राजवाड़े, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

You may also like