Saturday, June 13, 2026
Home » हैदराबाद इन्वेस्टर्स कनेक्ट में छत्तीसगढ़ को ₹9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7,800 रोजगार सृजन की संभावना

हैदराबाद इन्वेस्टर्स कनेक्ट में छत्तीसगढ़ को ₹9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7,800 रोजगार सृजन की संभावना

हैदराबाद में आयोजित ‘इन्वेस्टर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं।

by News Desk
0 comments

रायपुर, 12 जून 2026। छत्तीसगढ़ ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए हैदराबाद में आयोजित ‘इन्वेस्टर्स कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं। इन निवेशों से राज्य में लगभग 7,800 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संभावित निवेशकों को ‘इनविटेशन टू इन्वेस्ट’ पत्र सौंपते हुए छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, सौर ऊर्जा उपकरण, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, डेयरी और सीमेंट जैसे उच्च विकास वाले क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ निवेशकों के लिए रेड कार्पेट बिछा चुका है और राज्य उद्योग-अनुकूल नीतियों, मजबूत बुनियादी ढांचे तथा सिंगल विंडो सिस्टम के कारण तेजी से निवेश का पसंदीदा केंद्र बन रहा है।

सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डेटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया है, जिसने 4,200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की है। वहीं फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे करीब 4,000 रोजगार सृजित होंगे।

निवाई लैब्स ने सेमीकंडक्टर और जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर में 1,000 करोड़ रुपये, एसजी मार्ट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण में 700 करोड़ रुपये तथा श्री सरवाना मिल्स ने टेक्सटाइल उद्योग में 528 करोड़ रुपये निवेश की इच्छा जताई है। इसके अलावा काबरा ड्रग्स ने फार्मा क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये और दिनशॉ डेयरी फूड्स ने डेयरी सेक्टर में 40 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य में अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने आईटी, फार्मा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की कंपनियों को विशेष रूप से छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, मुख्य सचिव विकास शील सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may also like