रायपुर, छत्तीसगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष का राज्य स्तरीय मुख्य योग दिवस कार्यक्रम सरगुजा जिले में आयोजित किए जाने की तैयारी है। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के सभी जिलों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विशेष रूप से प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में आयुष और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला प्रशासन को स्थानीय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है, ताकि योग दिवस को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनर्परीक्षा को ध्यान में रखते हुए योग कार्यक्रमों के कारण किसी भी परीक्षा केंद्र या परीक्षार्थी को असुविधा न हो। इसके लिए जिला प्रशासन को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष देशभर में ऑनलाइन योग अभ्यास के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नागरिक 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा योग संगम पोर्टल 2026 पर विभिन्न संस्थाएं, विभाग, शैक्षणिक संस्थान और सामाजिक संगठन अपने कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकते हैं तथा आयोजन के बाद रिपोर्ट और फोटो भी अपलोड कर सकते हैं।
राज्य सरकार का लक्ष्य इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को अधिक व्यापक, सहभागी और प्रभावशाली बनाना है, जिससे योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।