Wednesday, May 20, 2026
Home » बीजापुर ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएं, 260 बच्चे ले रहे प्रशिक्षण

बीजापुर ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में निखर रही ग्रामीण प्रतिभाएं, 260 बच्चे ले रहे प्रशिक्षण

बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को प्रतिदिन दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल शिविर बच्चों की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने का माध्यम बन रहा है। जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से एजुकेशन सिटी में आयोजित 15 दिवसीय आवासीय खेल शिविर में जिले के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों से आए बच्चे उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

कलेक्टर श्री विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के बच्चों को खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। शिविर में जिले के चारों विकासखंडों से कुल 260 खिलाड़ी शामिल हुए हैं।

बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को प्रतिदिन दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में वालीबाल, फुटबॉल, सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, बैडमिंटन, तैराकी, एथलेटिक्स और कबड्डी सहित कुल 8 खेलों का अभ्यास कराया जा रहा है। बच्चों को खेल तकनीक के साथ-साथ अनुशासन, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी भी दी जा रही है।

खेल प्रशिक्षण के अलावा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की एकाग्रता और फिटनेस बेहतर हो सके। साथ ही प्रतिभागियों को सेंट्रल लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान और शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे स्पोर्ट्स अकादमी में विशेष प्रशिक्षण का अवसर दिया जाएगा। यह शिविर बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में बेहतर खिलाड़ी बनने की दिशा भी प्रदान कर रहा है।

You may also like