Saturday, May 16, 2026
Home » सुशासन तिहार के दौरान कोसला धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, माता कौशल्या मंदिर में की पूजा-अर्चना

सुशासन तिहार के दौरान कोसला धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, माता कौशल्या मंदिर में की पूजा-अर्चना

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराएं और आस्था प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ में चल रहे ‘सुशासन तिहार’ अभियान के बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित प्रसिद्ध कोसला धाम पहुंचे। यहां उन्होंने माता कौशल्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और राज्य के निरंतर विकास की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय के साथ वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति और ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री के अचानक आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हुए।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराएं और आस्था प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक आस्थाओं से जुड़ी हुई है। प्रदेश सरकार इन विरासत स्थलों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए समिति और स्थानीय लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय इन दिनों ‘सुशासन तिहार’ के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से वे आम नागरिकों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं।

You may also like