Tuesday, May 19, 2026
Home » केरल की नई UDF सरकार वित्तीय स्थिति पर जारी करेगी व्हाइट पेपर, पूर्व कैबिनेट सचिव केएम चंद्रशेखर की अध्यक्षता में बनी समिति

केरल की नई UDF सरकार वित्तीय स्थिति पर जारी करेगी व्हाइट पेपर, पूर्व कैबिनेट सचिव केएम चंद्रशेखर की अध्यक्षता में बनी समिति

मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले UDF ने पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार पर राज्य की आर्थिक बदहाली और वित्तीय कुप्रबंधन के आरोप लगाए थे।

by News Desk
0 comments

तिरुवनंतपुरम, केरल में सत्ता संभालने के बाद कांग्रेस नेतृत्व वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति का आकलन करने के लिए एक विशेष विशेषज्ञ समिति गठित की है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह समिति राज्य की आर्थिक हालत पर विस्तृत “व्हाइट पेपर” तैयार करेगी, ताकि जनता के सामने वित्तीय स्थिति की स्पष्ट तस्वीर रखी जा सके।

सरकार द्वारा गठित इस समिति की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट सचिव डॉ. के.एम. चंद्रशेखर करेंगे। वहीं वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के.आर. ज्योथिलाल को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में अर्थशास्त्री डॉ. नारायणन और सेंटर फॉर डेवलपमेंट स्टडीज (CDS) के निदेशक डॉ. वीरमणि को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले UDF ने पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार पर राज्य की आर्थिक बदहाली और वित्तीय कुप्रबंधन के आरोप लगाए थे। अब नई सरकार जनता के सामने वास्तविक वित्तीय स्थिति लाने के लिए यह कदम उठा रही है।

सोमवार को शपथ ग्रहण के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक में सरकार ने कई अहम फैसले भी लिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 जून से महिलाओं के लिए KSRTC बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा शुरू की जाएगी। इसके अलावा बुजुर्गों के लिए अलग विभाग बनाने और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 3 हजार रुपये की बढ़ोतरी का भी निर्णय लिया गया है।

कैबिनेट ने 2023 की “नवा केरल यात्रा” के दौरान कांग्रेस नेताओं पर कथित हमलों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का फैसला भी लिया है।

उल्लेखनीय है कि 61 वर्षीय वी.डी. सतीशन ने सोमवार को केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 21 मई को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जबकि राज्यपाल का अभिभाषण 29 मई को होगा।

You may also like