नई दिल्ली, अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें उन पर भगवान राम और रामायण का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया गया है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आया है।
दरअसल, यह वीडियो केरल लिटरेचर फेस्टिवल (KLF) के दौरान का बताया जा रहा है, जिसमें प्रकाश राज एक काल्पनिक कहानी सुनाते नजर आ रहे हैं। यह कहानी कथित तौर पर बच्चों द्वारा लिखी गई रामायण की एक कल्पित व्याख्या है। वीडियो में प्रकाश राज राम, लक्ष्मण और सीता के दक्षिण भारत की ओर जाने का प्रसंग बताते हैं।
कहानी के अनुसार, रास्ते में जंगल देखकर लक्ष्मण उत्साहित होते हैं, जिस पर राम कहते हैं कि यह किसी का खेत है। लक्ष्मण पूछते हैं कि क्या वहां लगे फल खाए जा सकते हैं, तो राम जवाब देते हैं कि भूख लगने पर फल खा सकते हैं। आगे कहानी में बताया गया कि जब वे फल खाने लगते हैं, तब शूर्पणखा और रावण वहां पहुंचते हैं। शूर्पणखा आपत्ति जताती हैं, जबकि रावण कहता है कि वे भूखे हैं और उन्हें खाने दिया जाए।
वीडियो में आगे दिखाया गया कि फल खाने के बाद राम लक्ष्मण से कहते हैं कि कुछ ‘आदिवासी’ आए हैं, जिस पर रावण जवाब देता है कि वे ही इस भूमि के मालिक हैं। इस संवाद को लेकर ही विवाद खड़ा हो गया है और आरोप लगाया गया है कि यह प्रस्तुति धार्मिक भावनाओं को आहत करती है।
शिकायत दर्ज होने के बाद मामला अब कानूनी प्रक्रिया में है। हालांकि, इस पर प्रकाश राज की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि प्रकाश राज पहले भी सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं, जिसके चलते वे कई बार विवादों में रह चुके हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।