रायपुर, 16 अप्रैल 2026। सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए हादसे के बाद राज्य के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री देवांगन ने कलेक्टर अमृत विकास टोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर और वेदांता प्रबंधन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घटना के तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वेदांता प्रबंधन के अधिकारियों ने हादसे की प्रारंभिक जानकारी दी, वहीं विशेषज्ञों ने संभावित कारणों पर प्रकाश डाला। मंत्री ने कलेक्टर को निर्देशित किया कि जांच पूरी पारदर्शिता और सूक्ष्मता से की जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को मुआवजा, रोजगार और दिव्यांगता की स्थिति में पेंशन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने श्रमिकों के ईएसआईसी और पीएफ से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी ली।
मंत्री देवांगन ने दो टूक कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों एवं घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा की जा चुकी है और मुख्यमंत्री स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
इस दौरान मंत्री ने रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों—मेडिकल कॉलेज, एपेक्स, मेट्रो और जिंदल-फोर्टिस—में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और अस्पताल प्रबंधन को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि घायलों का इलाज पूरी तरह ठीक होने तक जारी रहेगा और उन्हें हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।