रायपुर, बस्तर अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब बेहतर खेल सुविधाएं और प्रोफेशनल प्रशिक्षण अपने ही क्षेत्र में मिलेगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जगदलपुर में बस्तर की पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। इस अकादमी में एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी जैसी खेल विधाओं में खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने शुक्रवार को जगदलपुर पहुंचकर प्रस्तावित अकादमी की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर अधोसंरचना, आवास, भोजन, खेल सामग्री और प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही प्रस्तावित भवन का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि अकादमी में खिलाड़ियों के लिए आवासीय सुविधा, पौष्टिक डाइट, आधुनिक खेल उपकरण, शिक्षा, बीमा, चिकित्सा सुविधा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे बस्तर के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी क्षमता को निखार सकेंगे।
संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के खिलाड़ियों को यदि सही प्रशिक्षण और संसाधन मिलें तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह अकादमी बस्तर के युवाओं के लिए बड़ा अवसर साबित होगी।
विभाग द्वारा अकादमी में प्रवेश के लिए जल्द ही चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इसके लिए अलग से विज्ञापन जारी किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। अकादमी में एथलेटिक्स के लिए 20, फुटबॉल के लिए 25 और आर्चरी के लिए 20 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।