Sunday, May 17, 2026
Home » जनगणना 2027 में छत्तीसगढ़ ने पकड़ी रफ्तार, 60% से अधिक मकान सूचीकरण पूरा; GPM जिला बना नंबर-1

जनगणना 2027 में छत्तीसगढ़ ने पकड़ी रफ्तार, 60% से अधिक मकान सूचीकरण पूरा; GPM जिला बना नंबर-1

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए मैदानी अमले, प्रगणकों और जिला प्रशासन को बधाई दी है।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। राज्यभर में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। आधिकारिक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार अब तक प्रदेश में 60.73 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से संचालित इस अभियान में कुल 48,742 मकान सूचीकरण ब्लॉकों (HLB) में से 29,602 ब्लॉकों का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए मैदानी अमले, प्रगणकों और जिला प्रशासन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना ही भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास नीति की मजबूत नींव बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” और सुशासन की भावना के साथ राज्य सरकार इस राष्ट्रीय अभियान को प्राथमिकता दे रही है।

राज्य में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला बनकर उभरा है। जिले ने अपने सभी 528 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके अलावा जशपुर 99.87 प्रतिशत और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 99.84 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर शीर्ष जिलों में शामिल हैं। बेमेतरा और मुंगेली जिले भी 95 प्रतिशत से अधिक प्रगति के साथ अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं।

GPM कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने इस सफलता का श्रेय माइक्रो-प्लानिंग, डिजिटल मॉनिटरिंग और टीमवर्क को दिया। उन्होंने बताया कि दुर्गम आदिवासी क्षेत्र होने के बावजूद प्रशासन ने लगातार निगरानी कर निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल किया।

हालांकि, बड़े शहरों और नगर निगम क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई है। रायगढ़ नगर निगम में केवल 4.65 प्रतिशत, भिलाई में 7.84 प्रतिशत और राजधानी रायपुर में 10.34 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। मुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों के अधिकारियों को मैदानी मॉनिटरिंग बढ़ाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का दावा है कि अधिकांश जिलों में कार्य शुरू हो चुका है और शेष लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।

You may also like