Sunday, May 3, 2026
Home » सुशासन तिहार के प्रदेशव्यापी दौरे पर निकले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, योजनाओं की जमीनी हकीकत लेंगे जान

सुशासन तिहार के प्रदेशव्यापी दौरे पर निकले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, योजनाओं की जमीनी हकीकत लेंगे जान

इस विशेष अभियान के दौरान मुख्यमंत्री सीधे आम नागरिकों से रूबरू होंगे और विभिन्न जिलों में जाकर सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेंगे।

by News Desk
0 comments

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी। राज्य शासन के महत्वपूर्ण अभियान ‘सुशासन तिहार’ के तहत मुख्यमंत्री शनिवार सुबह रायपुर पुलिस लाइन हेलीपेड से रवाना हुए।

इस विशेष अभियान के दौरान मुख्यमंत्री सीधे आम नागरिकों से रूबरू होंगे और विभिन्न जिलों में जाकर सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बने।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ इस दौरे पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और विशेष सचिव रजत बंसल भी रवाना हुए हैं। दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहकर योजनाओं की समीक्षा करेंगे और स्थानीय प्रशासन से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।

गौरतलब है कि राज्य सरकार का यह महत्वाकांक्षी अभियान ‘सुशासन तिहार’ 1 मई से शुरू होकर 10 जून 2026 तक चलेगा। इस अवधि में प्रदेशभर में प्रशासनिक अमला सक्रिय रूप से जनता की समस्याओं का निराकरण करेगा और विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।

अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। इसके तहत मुख्यमंत्री गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों से बातचीत करेंगे तथा यह जानेंगे कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ किस हद तक मिल रहा है। साथ ही अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।

राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। इसे सरकार की जवाबदेही और जनसंपर्क बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

राज्य सरकार का मानना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से न केवल योजनाओं की निगरानी बेहतर होगी, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का रास्ता भी खुलेगा। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

You may also like