Saturday, May 2, 2026
Home » महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया घोषित, हरमनप्रीत कौर कप्तान; नंदनी शर्मा को पहली बार मौका

महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया घोषित, हरमनप्रीत कौर कप्तान; नंदनी शर्मा को पहली बार मौका

12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में करेगी।

by News Desk
0 comments

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। पिछले साल भारत को वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।

12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में करेगी। टीम चयन में अनुभव और युवा प्रतिभा का संतुलन देखने को मिला है। खास बात यह है कि पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के 11 खिलाड़ियों को इस स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

पंजाब की युवा खिलाड़ी नंदनी शर्मा को पहली बार वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है। उनके चयन को भारतीय महिला क्रिकेट के भविष्य के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।

भारतीय टीम में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेगी। तीसरे नंबर पर जेमिमा रोड्रिग्स बल्लेबाजी करेंगी, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर मध्यक्रम में चौथे नंबर पर अहम भूमिका निभाएंगी। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी आक्रामक बल्लेबाज ऋचा घोष को दी गई है, जो डेथ ओवर्स में तेजी से रन बनाने के लिए जानी जाती हैं। यस्तिका भाटिया बैकअप विकेटकीपर और अतिरिक्त ओपनिंग विकल्प होंगी।

गेंदबाजी विभाग में अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर पर पेस अटैक की जिम्मेदारी होगी। उनके साथ अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ नई गेंद से आक्रमण करेंगी। स्पिन विभाग की कमान स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के हाथों में रहेगी, जबकि श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी उन्हें सपोर्ट करेंगी।

भारतीय टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव।

क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि हरमनप्रीत की अगुआई में भारतीय टीम इस बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचेगी।

You may also like