Saturday, April 18, 2026
Home » रोहित शेट्टी फायरिंग केस: यूपी से 9वां आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए गैंग से जुड़ा था प्रदीप

रोहित शेट्टी फायरिंग केस: यूपी से 9वां आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए गैंग से जुड़ा था प्रदीप

गौरतलब है कि यह घटना 1 फरवरी 2026 की रात की है, जब मुंबई के जुहू इलाके में स्थित ‘शेट्टी टावर’ पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी।

by News Desk
0 comments

मुंबई/आगरा, फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यूपी एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इस केस में 9वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ ‘गांठ’ के रूप में हुई है, जिसे आगरा-एटा रोड के पास से दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार, प्रदीप कुख्यात शुभम लोणकर गैंग का सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए गैंग के संपर्क में आया था। धीरे-धीरे उसे गैंग की गतिविधियों के लिए प्रेरित किया गया और अपराध की दुनिया में शामिल कर लिया गया। प्रदीप ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों सनी, दीपू और सोनू के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। उसका मकसद अंडरवर्ल्ड में अपना दबदबा बनाना था।

इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू, दीपक और विष्णु कुशवाहा समेत अन्य आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार कर चुकी है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत गंभीर धाराएं लगाई हैं। प्रदीप को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जाएगा, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

गौरतलब है कि यह घटना 1 फरवरी 2026 की रात की है, जब मुंबई के जुहू इलाके में स्थित ‘शेट्टी टावर’ पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे शुभम लोणकर गैंग का हाथ था, जिसका उद्देश्य फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल बनाना और वसूली करना था।

पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

You may also like