रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्याधुनिक डे-केयर केंद्र ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर आत्मीय संवाद स्थापित किया और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री की इस पहल से वरिष्ठजन खासे प्रसन्न नजर आए और उन्होंने इस सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए तथा धार्मिक पुस्तक, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में एकल परिवार, रोजगार के लिए पलायन और व्यस्त जीवनशैली के कारण कई बुजुर्ग दिन के समय अकेलेपन का सामना करते हैं। यह स्थिति उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। ‘सियान गुड़ी’ जैसे केंद्र इन चुनौतियों का समाधान प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि यह डे-केयर केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सक्रिय वातावरण उपलब्ध कराएगा, जहां वे दिनभर समय बिताकर नई ऊर्जा प्राप्त कर सकेंगे। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी इस पहल को सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने वाला कदम बताया।
जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर रोड स्थित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुआयामी सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां योग, प्राणायाम, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता के साथ कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के तहत प्राथमिक जांच, दवाइयां, फिजियोथैरेपी और टेलीमेडिसिन सुविधा भी दी जाएगी।
केंद्र में कानूनी और पारिवारिक परामर्श की व्यवस्था भी है। किसी प्रकार की उपेक्षा या दुर्व्यवहार की स्थिति में वरिष्ठजन राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14567 और राज्य स्तरीय सियान हेल्पलाइन 155326 पर संपर्क कर सकते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस केंद्र में व्हीलचेयर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, पुस्तकालय, रीडिंग कॉर्नर और सामुदायिक गतिविधियों के लिए विशाल हॉल भी उपलब्ध है।