Saturday, May 23, 2026
Home » सुशासन तिहार में बोले CM विष्णुदेव साय: सरकार गांव-गांव पहुंचकर कर रही समस्याओं का समाधान

सुशासन तिहार में बोले CM विष्णुदेव साय: सरकार गांव-गांव पहुंचकर कर रही समस्याओं का समाधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में सुशासन तिहार के तहत लगातार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में कहा कि “सुशासन तिहार” का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल राजधानी तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में सुशासन तिहार के तहत लगातार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया गया है, साथ ही दो वर्षों का बकाया बोनस भी वितरित किया गया है।

महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इस योजना से महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

उन्होंने “लखपति दीदी” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। वहीं, 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए गए हैं, जहां ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, बैंकिंग और राजस्व सेवाएं गांव में ही मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जहां लोग टोल फ्री नंबर के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

You may also like