रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 6 वर्षीय बाल प्रतिभा रुद्र शर्मा ने अपनी असाधारण स्मरण शक्ति और ज्ञान से एक बार फिर सभी को चौंका दिया। ‘गूगल बॉय’ के नाम से चर्चित रुद्र को गुरुवार को रायपुर स्थित लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका ने सम्मानित किया। इस दौरान रुद्र ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के सटीक जवाब देकर सबको प्रभावित कर दिया।
कक्षा पहली में पढ़ने वाले रुद्र शर्मा की विशेषता यह है कि उन्हें न सिर्फ सामान्य ज्ञान से जुड़े तथ्य याद हैं, बल्कि वे यूपीएससी और पीएससी स्तर के कई जटिल प्रश्नों के उत्तर भी सहजता से दे देते हैं। राज्यपाल रमेन डेका ने मुलाकात के दौरान रुद्र से छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की विशेषताओं, भारतीय संविधान और समसामयिक विषयों से जुड़े कई सवाल पूछे। रुद्र ने बिना किसी झिझक के तुरंत सही उत्तर देकर अपनी विलक्षण क्षमता का परिचय दिया।
रुद्र की तेज स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और ज्ञान से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में इस तरह की प्रतिभा दुर्लभ होती है और यह राज्य के लिए गर्व की बात है। राज्यपाल ने रुद्र को लोक भवन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर रुद्र की माता पायल शर्मा और उनके नाना विनोद शर्मा भी उपस्थित रहे। परिवार ने इस सम्मान को रुद्र के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि वह बचपन से ही पढ़ाई और सामान्य ज्ञान में विशेष रुचि रखते हैं।
रुद्र शर्मा की उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा और प्रोत्साहन मिले, तो वे कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। दुर्ग के इस नन्हे प्रतिभाशाली बालक ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।